अनकैप्ट खिलाड़ियों पर हुई पैसों की बारिश: प्रीति जिंटा की टीम ने फिर शाहरुख खान को खरीदा, 10 करोड़ में बिके आवेश खान
बेंगलुरु5 मिनट पहले
बेंगलुरु में चल रहे IPL मेगा ऑक्शन में शनिवार को 74 खिलाड़ियों पर बोली लगी। इस दौरान अनकैप्ड प्लेयर्स का खूब जलवा देखने को मिला। इंदौर के युवा तेज गेंदबाज आवेश खान और शाहरुख खान से लेकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए एकदम अनजान कर्नाटक के अभिनव मनोहर सदरांगनी तक की खूब कमाई हुई।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/1644680530_1644692564.jpg)
आवेश ने तोड़ा गौतम का रिकॉर्ड
आवेश खान को लखनऊ टीम ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा है। इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड (एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले) खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को पछाड़ा, जो IPL 2021 की नीलामी में ₹9.25 करोड़ के साथ सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे।
पिछले IPL सीजन में आवेश ने 24 विकेट चटकाए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे थे। लखनऊ से पहले आवेश RCB और दिल्ली के लिए खेल चुके हैं। 2017 में बेंगलुरु ने आवेश को 10 लाख रुपए में खरीदा था। वहीं, 2018 में दिल्ली कैपिटल्स ने आवेश को 75 लाख में खरीदा था। अभी तक IPL 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कुल 25 मैच खेले हैं और 25.83 की औसत के साथ 29 विकेट चटकाए हैं।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/1644675837_1644692590.jpg)
शाहरुख फिर से प्रीति की टीम में
आवेश के अलावा तमिलनाडु के ऑलराउंडर शाहरुख खान पर भी जमकर पैसों की बारिश हुई। उनको 9 करोड़ में पंजाब किंग्स ने खरीदा। पंजाब के अलावा KKR और CSK ने भी उनको अपने साथ जोड़ने के लिए दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन बाजी नहीं मार सके। पिछले सीजन में भी शाहरुख पंजाब का ही हिस्सा थे और प्रीति जिंटा की फ्रेंचाइजी ने उन्हें 5.25 करोड़ में खरीदा था। IPL 2021 के शाहरुख ने 11 मैचों में 134.21 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 153 रन बनाए थे।
शाहरुख ने हाल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से काफी नाम कमाया है। विजय हजारे ट्रॉफी की 7 पारियों में शाहरुख ने 42.16 की औसत से 253 रन और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में मैच जिताऊ पारी खेलते हुए 15 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए थे। साई किशोर भी 33 लिस्ट ए मैचों में 54 और 38 टी-20 मुकाबलों में 43 विकेट ले चुके हैं।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/2221644674692_1644692622.jpg)
अभिनव सदारंगानी बेस प्राइस से 13 गुना कीमत पर बिके
20 लाख के बेस प्राइस वाले अभिनव सदारंगानी को 13 गुना ज्यादा की कीमत पर 2.60 करोड़ में गुजरात टाइटन्स ने खरीदा। इनके ऊपर गुजरात के अलावा कोलकाता और दिल्ली ने भी बोली लगाई। अभिनव कर्नाटक के ऑलराउंडर है, जो मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने में माहिर है और लेग स्पिन भी कर लेते हैं। अभिनव ने कर्नाटक के लिए 4 टी-20 मैचों में 150 के स्ट्राइक रेट और 54 की औसत से 162 रन बनाए हैं।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/1644676903_1644692658.jpg)
तेवतिया और मावी ने भी कमाए खूब पैसे
40 लाख के बेस प्राइस वाले ऑलराउंडर राहुल तेवतिया के लिए RCB, CSK और गुजरात ने बोली लगाई और आखिर में गुजरात टाइटन्स ने उन्हें 9 करोड़ में खरीदा। पिछले सीजन में राहुल को राजस्थान से खेलते हुए 3 करोड़ रुपए मिलते थे। राहुल हरियाणा के रहने वाले हैं और IPL के 48 मैचों में 124.34 के स्ट्राइक रेट से 521 रन बनाने के अलावा 32 विकेट ले चुके हैं।
2018 के अंडर-19 WC से लाइमलाइट में आने वाले युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी एक बार फिर से कोलकाता की टीम का हिस्सा बने। 40 लाख के बेस प्राइस वाले शिवम को KKR ने 7.25 करोड़ में खरीदा। पिछले सीजन में भी मावी कोलकाता का ही हिस्सा थे। हालांकि, तब उनकी सैलरी 3 करोड़ रुपए थी। इस बार मावी ने खूब कमाई की। IPL के 26 मैचों में उन्होंने 25 विकेट लिए हैं।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/1644674052_1644692688.jpg)
त्रिपाठी और अभिषेक भी नहीं रहे पीछे
40 लाख के बेस प्राइस वाले अनकैप्ड राहुल त्रिपाठी को 8.50 करोड़ में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा। पुणे के ओपनर के लिए कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद ने बोली लगाई थी। पिछले सीजन उनको कोलकाता के लिए खेलते हुए 60 लाख मिलते थे। IPL के 62 मैचों में राहुल ने 1385 रन बनाए हैं।
20 लाख के बेस प्राइस वाले अनकैप्ड ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा की भी चांदी हुई, उनको SRH ने 6.50 करोड़ में खरीदा। युवा खिलाड़ी को खरीदने के लिए SRH, पंजाब और गुजरात के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। पिछले सीजन उनको SRH से खेलते हुए 55 लाख मिलते थे।
![](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/02/13/1644675398_1644692709.jpg)
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.