आखिरी मिनट में गोल कर जीता भारत: ऑस्ट्रेलिया को तीसरे हॉकी मैच में 4-3 से हराया; आकाशदीप ने दागा डिसाइडर
- Hindi News
- Sports
- Harmanpreet Singh; India Vs Australia Hockey 3st Test 2022 Update | Akashdeep Mandeep
एडिलेड10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
![आखिरी मिनट में गोल कर जीता भारत: ऑस्ट्रेलिया को तीसरे हॉकी मैच में 4-3 से हराया; आकाशदीप ने दागा डिसाइडर आखिरी मिनट में गोल कर जीता भारत: ऑस्ट्रेलिया को तीसरे हॉकी मैच में 4-3 से हराया; आकाशदीप ने दागा डिसाइडर](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/11/30/ind-aus-score_1669808025.gif)
भारत ने 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4-3 से हरा दिया। रोमांचक मुकाबले में 59वें मिनट तक स्कोर 3-3 से बराबर था। आखिरी मिनट में भारत के आकाशदीप ने मनदीप सिंह के पास पर बॉल को नेट में पहुंचा दिया और टीम को जीत दिला दी। भारत ने 6 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को किसी हॉकी मैच में निर्धारित 60 मिनट के अंदर हराया है।
5 मैचों के पहले 2 टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 2-1 से आगे हैं। चौथा मैच 3 दिसंबर और पांचवां मैच 4 दिसंबर को एडिलेड में ही खेला जाएगा।
![आखिरी मिनट में गोल करने के लिए शॉट खेलते भारत के आकाशदीप सिंह।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/11/30/hockey_1669808337.jpg)
आखिरी मिनट में गोल करने के लिए शॉट खेलते भारत के आकाशदीप सिंह।
12वें मिनट में बनाई बढ़त
भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 12वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के जैक वेल्च ने 25वें और एरन जालेस्की ने 32वें मिनट में गोल दाग कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। 47वें मिनट में भारत के अभिषेक ने गोल कर स्कोर लाइन 2-2 से बराबर कर दी।
![भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 12वें मिनट में मैच का पहला गोल दागा।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/11/30/harmanpreetsingh_1669808811.jpg)
भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 12वें मिनट में मैच का पहला गोल दागा।
आखिरी 4 मिनट में 3 गोल
2-2 से बराबरी के बाद 57वें मिनट में शमशेर सिंह ने गोल दागकर भारत को फिर से एक गोल की बढ़त दिला दी। लेकिन, 59वें मिनट में ही ऑस्ट्रेलिया के नाथन एफ्रॉम्स ने गोल दागकर स्कोर लाइन बराबर कर दी। मैच ड्रॉ होने की ओर बढ़ रहा था, तभी आकाशदीप ने मैच के आखिरी मिनट में गोल दागा और भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
![मैच जीतने के बाद खुशी मनाते भारतीय टीम के खिलाड़ी।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/11/30/hockeyindia_1669808845.jpg)
मैच जीतने के बाद खुशी मनाते भारतीय टीम के खिलाड़ी।
133 मैचों में ऑस्ट्रेलिया पर 23वीं जीत
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 133 मैच खेले गए। भारत इनमें से 23 मैच ही जीत सका। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 89 मैचों में भारत को हराया। इस दौरान दोनों के बीच 21 मुकाबले ड्रॉ रहे। इस सीरीज के पहले अगस्त में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान दोनों टीमें भिड़ी थीं। तब ऑस्ट्रेलिया ने 7-0 से भारत को हराया था।
![भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का ओवरऑल रिकॉर्ड बेहतर है।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2022/11/30/australiateam_1669808075.jpg)
भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का ओवरऑल रिकॉर्ड बेहतर है।
12 मैच बाद जीता भारत
द्विपक्षीय सीरीज में भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 12 मैचों बाद पहली जीत है। दोनों टीमें अब तक 28 बार द्विपक्षीय सीरीज में भिड़ीं। भारत ने 8 और ऑस्ट्रेलिया ने 17 मैच जीते। इस दौरान 3 मैच ड्रॉ भी रहे।
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.