शेयरों में गिरावट से संपत्ति घटी: गौतम अडाणी की नेटवर्थ 39 हजार करोड़ रुपए घटी, एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब भी गंवाया
- Hindi News
- Business
- Gautam Adani Net Worth | Billionaire Gautam Adani World Most Richest Person Ranking Changed Again Today As Loses
नई दिल्ली12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फोर्ब्स की अमीरों की लिस्ट में गौतम अडाणी अब 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। -फाइल फोटो
अडाणी ग्रुप की कंपनियों में निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों के खाते फ्रीज होने की खबर से गौतम अडाणी की हैसियत को बड़ा झटका लगा है। फोर्ब्स की दुनिया के अमीरों की लिस्ट के अनुसार, शेयरों में गिरावट से गौतम अडाणी की नेटवर्थ में 5.4 बिलियन डॉलर करीब 39 हजार करोड़ रुपए की कमी आई है। इस गिरावट के बाद गौतम अडाणी फोर्ब्स लिस्ट में सबसे ज्यादा अमीरों में 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब भी गंवाया
शेयरों के कारण नेटवर्थ में आई गिरावट से गौतम अडाणी ने एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब भी गंवा दिया है। फोर्ब्स लिस्ट के अनुसार, चीन के झोंग शानशान अब एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। वहीं, गौतम अडाणी तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। बीते 24 घंटे में झोंग शानशान की नेटवर्थ में 2.1 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है। अब शानशान की कुल नेटवर्थ 70 बिलियन डॉलर हो गई है। वहीं, गौतम अडाणी की नेटवर्थ 69.5 बिलियन डॉलर है। हालांकि, शानशान की नेटवर्थ गौतम अडाणी से सिर्फ 0.5 बिलियन डॉलर ज्यादा है। गौतम जल्द ही शानशान को पछाड़ सकते हैं।
मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की नेटवर्थ में अंतर बढ़ा
फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 87.7 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। बीते 24 घंटे में मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 1.9 बिलियन डॉलर करीब 13.91 हजार करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की नेटवर्थ का अंतर बढ़कर 18.2 बिलियन डॉलर करीब 1.33 लाख करोड़ रुपए हो गया है। मुकेश अंबानी फोर्ब्स लिस्ट में 11वें पायदान पर काबिज हैं।
अडाणी ग्रुप की कंपनियों में 22% की गिरावट रही
निवेशकों के खाते फ्रीज होने की खबर से सोमवार को अडाणी ग्रुप की 6 लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में 5% से 22% तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर टूटे। सोमवार को अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर इंट्रा-डे में 22% तक टूटकर 1201 रुपए प्रति यूनिट तक आ गए थे। हालांकि, कारोबार के आखिरी घंटों में रिकवरी देखी गई।
अडाणी ग्रुप के शेयर 2021 में 346% तक बढ़े
अडाणी ग्रुप के शेयरों को देखें तो 2021 में अडाणी टोटल गैस का शेयर 346% चढ़कर 1,680 रुपए तक पहुंचा है। अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 264%,अडाणी इंटरप्राइजेज का शेयर 235%, अडाणी पावर 200%, अडाणी पोर्ट 74% और अडाणी ग्रीन 17% चढ़े हैं। बता दें कि कंपनियों में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी ज्यादा होती है। ऐसे में शेयरों में उछाल से प्रमोटर की नेटवर्थ भी तेजी से बढ़ती है। इसे गौतम अडाणी की नेटवर्थ और शेयरों में उछाल के समीकरण से समझा जा सकता है।
फोर्ब्स की लिस्ट में दुनिया के टॉप-10 अमीर
रैंक | नाम | नेटवर्थ |
1 | बर्नार्ड अर्नॉल्ट | 196 |
2 | जेफ बेजोस | 195.3 |
3 | एलन मस्क | 154.8 |
4 | बिल गेट्स | 126.8 |
5 | मार्क जकरबर्ग | 122 |
6 | वॉरेन बफेट | 107 |
7 | लैरी पेज | 106.8 |
8 | लैरी एलिसन | 106.7 |
9 | सर्जे ब्रिन | 103.5 |
10 | फ्रांकिसो बैटनकोर्ट मेयर्स | 91.9 |
नेटवर्थ बिलियन डॉलर में है।
टॉप-10 अमीरों में 8 अमेरिकी
फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार, दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में शामिल 8 लोग अमेरिका के हैं। जबकि दो लोग फ्रांस के निवासी हैं। इस लिस्ट में काबिज बर्नार्ड अर्नॉल्ट फ्रांस के निवासी हैं और यह फ्रांस की मल्टीनेशनल कंपनी LMVH के सीईओ हैं। लिस्ट में शामिल जेफ बेजोस, एलन मस्क, बिल गेट्स, मार्क जकरबर्ग, वॉरेन बफेट, लैरी पेज, लैरि एलिसन और सर्जे ब्रिन अमेरिकी हैं। 10 स्थान पर काबिज फ्रांकिसो बैटनकोर्ट मेयर्स फ्रांस की निवासी हैं।
For all the latest Business News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.