अंडर-19 चैंपियन का कमाल: रणजी डेब्यू की दोनों पारियों में सेंचुरी लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने यश धुल
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
U-19 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान यश धुल ने रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में ही इतिहास रच दिया है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के डेब्यू की दोनों पारियों में उन्होंने शतक लगाया है। वो रणजी के अपने पहले मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बने हैं। धुल ने दिल्ली की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की है।
इससे पहले यश ने इसी मैच की पहली पारी में अपने करियर की शानदार शुरुआत 150 गेंदों पर 113 रन बनाए थे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपना पहला रणजी शतक 133 गेंदों में पूरा किया था। पहली पारी में धुल ने 18 चौके लगाए थे। दूसरी पारी में भी उन्होंने 202 गेंदों पर 14 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 113 रन बनाए।
स्पेशल क्लब का हिस्सा बने यश
19 वर्षीय यश धुल से पहले पूर्व भारतीय कप्तान नारी कॉन्ट्रैक्टर और विराग अवटे ने रणजी ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया था। कॉन्ट्रैक्टर ने गुजरात के लिए 1952-53 के रणजी सीजन में डेब्यू करते हुए पहली पारी में 152 और दूसरी पारी में 102 रन बनाए थे।
उनके बाद 2012-13 के रणजी सीजन में विराग आवटे ने भी अपने डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक लगाया था। महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए उन्होंने पहली पारी में 126 और दूसरी पारी में 112 रन बनाए थे। अब धुल का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। IPL ऑक्शन में यश को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 50 लाख रुपए में खरीदा है।
ध्रुव शोरे के साथ जोड़े 228 रन
दूसरी पारी में यश और ध्रुव शोरे ने पहले विकेट के लिए 228 रन जोड़े। ध्रुव ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों पर नाबाद 107 रन बनाए। दिल्ली और तमिलनाडु के बीच खेला गया ये मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दिल्ली का अगला मुकाबला 24 फरवरी से झारखंड के खिलाफ होगा।
For all the latest Sports News Click Here
For the latest news and updates, follow us on Google News.